देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ननूरखेड़ा स्थित होमगार्ड्स परेड ग्राउंड में 63वें होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावशाली रैतिक परेड का निरीक्षण किया तथा होमगार्ड्स जवानों की अनुशासन और समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की स्मारिका-2025 तथा विभागीय कैलेंडर-2026 का विमोचन किया। साथ ही सेवा निवृत्त एवं दिवंगत होमगार्ड जवानों के आश्रितों को आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए।

जवानों के लिए प्रमुख घोषणाएँ:

  • होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को अब वर्दी भत्ता अनुमन्य होगा।
  • अंतरजनपदीय ड्यूटी पर तैनात जवानों का भोजन भत्ता ₹100 से बढ़ाकर ₹150 प्रतिदिन किया गया।
  • नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण भत्ता ₹50 से बढ़ाकर ₹140 प्रतिदिन किया गया।
  • 9,000 फीट से अधिक ऊँचाई पर ड्यूटी करने वाले होमगार्ड्स को पुलिस व एनडीआरएफ की तर्ज पर ₹200 प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि।
  • SDRF के साथ प्रशिक्षित होमगार्ड्स जवानों को ₹100 प्रतिदिन अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि।
  • मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पहली बार होमगार्ड्स जवानों को 12 आकस्मिक अवकाश तथा महिला होमगार्ड्स को प्रसूति अवकाश की सुविधा भी शुरू की है।

CM धामी ने कहा कि होमगार्ड्स जवान हर मौसम और कठिन परिस्थितियों में प्रदेश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कुंभ-कांवड़ जैसे विशाल आयोजनों तथा चारधाम यात्रा में यात्रियों-पुलिस की सहायता में अहम भूमिका निभाते हैं। प्राकृतिक आपदाओं में भी ये जवान सबसे आगे रहकर राहत व बचाव कार्य करते हैं।

अंत में मुख्यमंत्री ने सभी होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को स्थापना दिवस की बधाई दी और आश्वासन दिया कि उनके कल्याण व सम्मान के लिए राज्य सरकार हरसंभव कदम उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed