नई दिल्ली :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार रोशनी का पर्व दीपावली 2025 देश के गौरव स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर भारतीय नौसेना के जवानों के साथ मना रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जवानों के साथ दीपावली मनाना उनके लिए गौरव और गर्व का क्षण है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीप प्रज्वलित करते हुए, जवानों के बीच दीपावली मनाते हुए – उत्साह और देशभक्ति का माहौल।जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ महीने पहले ही ‘विक्रांत’ नाम से पाकिस्तान में दहशत फैल गई थी। उन्होंने कहा कि यह नाम युद्ध शुरू होने से पहले ही दुश्मनों के हौसले पस्त कर देता है – यही है INS विक्रांत की असली ताकत।

“INS विक्रांत सिर्फ एक युद्धपोत नहीं है, यह 21वीं सदी के भारत की मेहनत, क्षमता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। जिस दिन हमने इसे राष्ट्र को समर्पित किया, उसी दिन हमारी नौसेना ने औपनिवेशिक प्रतीक को त्याग कर छत्रपति शिवाजी महाराज से प्रेरित नया ध्वज अपनाया।”

प्रधानमंत्री ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि वह हर साल दीपावली अपने परिवार के साथ मनाते हैं, और इस बार वे अपने ‘सच्चे परिवार’ – देश के जवानों के बीच हैं। उन्होंने कहा कि यह दीपावली उनके जीवन की सबसे खास दीपावली है। “तुम्हारे करीब रहकर, तुम्हारी सांसों और धड़कनों को महसूस करके मुझे गहरा संतोष मिला। मैं कल थोड़ा जल्दी सो गया क्योंकि मुझे जो शांति मिली, वह संतोष की नींद थी।”

प्रधानमंत्री ने जवानों की वीरता की सराहना करते हुए कहा कि जहाज और हथियार भले ही लोहे के बने हों, लेकिन असली ताकत उन्हें चलाने वाले बहादुर सैनिकों का साहस है। आईएनएस विक्रांत के डेक से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों और सैनिक परिवारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत के जवानों का पराक्रम ही देश की असली रोशनी है – जो हर दीपावली को और अधिक गौरवशाली बनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed