देहरादून। डोईवाला क्षेत्र के हर्रावाला में नवविवाहिता एवं सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को शनिवार को हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पहले ही सीओ डोईवाला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को मृतका की मां सीमा कंडारी, निवासी श्रीकोट (श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल) ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था और इसी प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या कर दी गई।

यह भी पढ़ें:  केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 15 महानुभावों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से किया सम्मानित

तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना सीओ डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपी गई, जबकि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की मां सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसी दौरान सृष्टि कंडारी की मां ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसे सृष्टि ने कथित रूप से घटना से पहले भेजा था। पुलिस के अनुसार, वीडियो में सृष्टि ने विवाह के बाद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही है। पुलिस ने बताया कि वीडियो सहित अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की गई।

यह भी पढ़ें:  केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ₹1475.31 करोड़ की 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि गठित पुलिस टीम ने शनिवार को मुख्य आरोपी सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। मामले में नामजद सास की भूमिका की भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed